दिल्ली के दौरे पर गए थे गोवा के डीजीपी प्रणब नंदा, दिल का दौरा पड़ने से निधन

दिल्ली के आधिकारिक दौरे पर गए गोवा के पुलिस महानिदेशक(डीजीपी) प्रणब नंदा का शनिवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 57 साल के नंदा 1988 बैच के भारतीय पुलिस सेवा(आईपीएस) अधिकारी थे।नंदा ने इसी साल 25 फरवरी को गोवा के डीजीपी का पदभार संभाला था। उनकी पत्नी सुंदरा नंदा भी आईपीएस अधिकारी हैं। नंदा शुक्रवार की रात गोवा में एक आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसके बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे।


पुलिस महानिरीक्षक(आईजी) जसपाल सिंह ने नंदा के निधन की पुष्टि की है। सिंह ने कहा, '' हमें नंदा के परिवार की ओर से जानकारी मिली है कि वे अब नहीं रहे। दिल का दौरा पड़ने के कारण उनका निधन हुआ। ये हैरान करने वाला है।''


मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शोक प्रकट किया


गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने नंद के निधन पर शोक प्रकट करते हुए ट्वीट किया, '' गोवा के डीजीपी प्रणब नंदा के असामायिक निधन से दु:खी और हैरान हूं। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी गहरी संवदेनाएं हैं। ईश्वर उन्हें दुख की इस घड़ी में राहत दे।'' गोवा विधानसभा में विपक्ष के नेता दिगंबर कामत, गोवा के मुख्य चुनाव अधिकारी कुणाल, पूर्व सांसद नरेंद्र सावैकर समेत कई राजनेता और अधिकारियों ने नंदा के निधन पर शोक प्रकट किया है।